कांकेर : परलकोट जनकल्याण संस्था की सराहनीय पहल: स्कूली बच्चो... - CG Sandesh

कांकेर : परलकोट जनकल्याण संस्था की सराहनीय पहल: स्कूली बच्चों को कॉपी-कलम वितरित कर किया प्रोत्साहित

कांकेर/पखांजूर : शिक्षा को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को पढ़ाई के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से परलकोट जनकल्याण संस्था, पखांजूर ने एक सराहनीय पहल की है। संस्था की ओर से दुर्गकोंदल ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोडपाल स्थित शासकीय माध्यमिक शाला में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कॉपी और कलम वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन का पालन करने तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। संस्था ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की सबसे मजबूत नींव है और प्रत्येक बच्चे को शिक्षा के अवसरों का पूरा लाभ उठाना चाहिए।

कॉपी और कलम मिलने से बच्चों के चेहरे खिल उठे। विद्यार्थियों ने संस्था के इस प्रयास के प्रति खुशी जाहिर करते हुए पढ़ाई में और अधिक मेहनत करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में मौजूद विद्यालय के शिक्षकों और ग्रामीणों ने परलकोट जनकल्याण संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक प्रयास ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ-साथ शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

संस्था के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों को निरंतर जारी रखने की बात कही। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि संस्था आगे भी इसी तरह जरूरतमंद बच्चों के सहयोग के लिए कार्य करती रहेगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें