डीआरआई की देशभर में बड़ी कार्रवाई: 22 करोड़ रुपये का तस्करी का सोना-चांदी जब्त, 13 आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली : राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने देशभर में खुफिया सूचनाओं के आधार पर चलाए गए विशेष अभियानों में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 22 करोड़ रुपये मूल्य का तस्करी का सोना और चांदी जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान 15 किलोग्राम सोना, 20 किलोग्राम चांदी के साथ 2 करोड़ रुपये से अधिक की भारतीय मुद्रा भी बरामद की गई है। इस मामले में अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
वित्त मंत्रालय के अनुसार, डीआरआई ने विभिन्न राज्यों में समन्वित अभियान चलाकर अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की। नई दिल्ली में अधिकारियों ने तस्करी की कीमती धातुओं और नकदी को अवैध रूप से रखने से जुड़े एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर यात्री से एक किलो सोना बरामद
डीआरआई को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई), नई दिल्ली पर बागडोगरा से आए एक भारतीय यात्री को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से विदेश से तस्करी कर लाया गया करीब एक किलोग्राम सोना बरामद किया गया।
मुंबई एयरपोर्ट पर संगठित गिरोह का भंडाफोड़
एक अन्य अभियान में डीआरआई ने मुंबई एयरपोर्ट के जरिए संचालित सोना तस्करी के संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। इस कार्रवाई में मोम के रूप में छिपाकर रखा गया लगभग 5 किलोग्राम 24 कैरेट सोने का बुरादा जब्त किया गया।
पश्चिम बंगाल में 32 सोने के बिस्कुट बरामद
पश्चिम बंगाल में चलाए गए दो अलग-अलग अभियानों में डीआरआई अधिकारियों ने बिधाननगर और बर्धमान से 32 सोने के बिस्कुट बरामद किए। इनका कुल वजन करीब 4 किलोग्राम बताया गया है।
सीमा-पार तस्करी पर सख्त कार्रवाई जारी
वित्त मंत्रालय ने कहा कि डीआरआई की ये कार्रवाई संगठित सीमा-पार सोने की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने और देश की आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे और तस्करी में शामिल नेटवर्क के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।