रायपुर में सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन, केंद्रीय शिक... - CG Sandesh

रायपुर में सोनम वांगचुक के समर्थन में प्रदर्शन, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

रायपुर : दिल्ली में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को पुलिस द्वारा अस्पताल ले जाने की घटना के विरोध में राजधानी रायपुर में भी युवाओं का आक्रोश देखने को मिला। कचहरी चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के सामने बड़ी संख्या में युवा और सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता एकत्र हुए और केंद्र सरकार व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन में भीम आर्मी सहित कई सामाजिक और युवा संगठनों ने भाग लिया। भारी बारिश के बावजूद प्रदर्शनकारी हाथों में तख्तियां, बैनर और भारतीय संविधान की प्रतियां लेकर डटे रहे। इस दौरान "धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो", "सोनम वांगचुक जिंदाबाद" और केंद्र सरकार के विरोध में नारे लगाए गए।

प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने वालों की आवाज को दबाया जा रहा है, जो संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि सोनम वांगचुक के साथ हुई कार्रवाई से देशभर के युवाओं में नाराजगी है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा दें और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जवाबदेही तय की जाए। उनका कहना था कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।



अन्य सम्बंधित खबरें