बसना : पर्रापाट नहर क्रॉसिंग मरम्मत सहित सुधार कार्यों के लि... - CG Sandesh

बसना : पर्रापाट नहर क्रॉसिंग मरम्मत सहित सुधार कार्यों के लिए 1 करोड़ रुपये के कार्य का प्रस्ताव

705.36 लाख रुपये के प्रस्ताव को नहीं मिली स्वीकृति 

वर्ष 2026-27 के बजट में 100 लाख रुपये का कार्य शामिल

बसना विकासखंड के ग्राम पर्रापाट स्थित नहर की क्षतिग्रस्त खेत मार्ग (क्रॉसिंग) की मरम्मत की मांग पर आखिरकार कार्रवाई शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में की गई शिकायत के जवाब में जल संसाधन विभाग ने बताया है कि उक्त कार्य को वर्ष 2026-27 के बजट में 100 लाख रुपये की लागत से शामिल किया गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य पूरा कराया जाएगा।

जानकारी के अनुसार ग्राम पर्रापाट के ग्रामीणों ने नहर (खसरा क्रमांक 223) पर बने खेत मार्ग (क्रॉसिंग) में दरारें आने और संरचना का हिस्सा टूटने की शिकायत की थी। ग्रामीणों ने बताया था कि बारिश और नहर में पानी छोड़े जाने पर दरारों से पानी रिसकर आसपास के खेतों में पहुंचता है, जिससे फसलों और कृषि भूमि को नुकसान होने की आशंका बनी रहती है।

मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के जवाब में कार्यपालन अभियंता, जल संसाधन संभाग महासमुंद ने बताया कि पर्रापाट व्यपवर्तन योजना के अंतर्गत जीर्णोद्धार, नहर रीमॉडलिंग तथा सीसी लाइनिंग कार्य के लिए 705.36 लाख रुपये का प्राक्कलन पहले ही शासन को भेजा गया था, लेकिन स्वीकृति नहीं मिलने के कारण कार्य नहीं हो सका।

विभाग ने अपने जवाब में कहा है कि अब उक्त कार्य को वर्ष 2026-27 के बजट में 100 लाख रुपये के व्यय के साथ शामिल किया गया है। कार्य की प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त होते ही मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या का जल्द समाधान होगा और किसानों को जलभराव व फसलों के नुकसान से राहत मिलेगी।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें