CG : खेत तक पहुंचने का रास्ता बंद, किसानों ने कलेक्टर जनदर्श... - CG Sandesh

CG : खेत तक पहुंचने का रास्ता बंद, किसानों ने कलेक्टर जनदर्शन में लगाई गुहार

बेमेतरा : जिले के थानखम्हारिया तहसील अंतर्गत ग्राम गुवारा के किसान अपनी समस्या लेकर कलेक्टर जनदर्शन पहुंचे। किसानों ने खेतों तक पहुंचने के लिए स्थायी मार्ग उपलब्ध कराने की मांग करते हुए प्रशासन से जल्द समाधान की गुहार लगाई।

किसानों ने बताया कि वर्षों से उपयोग में आने वाला खेत तक पहुंचने का रास्ता अस्पताल निर्माण के दौरान बंद कर दिया गया। इसके बाद प्रशासन की ओर से वैकल्पिक मार्ग बनाया गया, लेकिन कुछ समय बाद उसे भी बंद कर दिया गया। समस्या से परेशान किसानों ने आपस में चंदा एकत्र कर नया रास्ता तैयार कराया, जिसे भी कथित रूप से जबरन तोड़ दिया गया।

ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता बंद होने से अब खेतों तक ट्रैक्टर, हार्वेस्टर और अन्य कृषि यंत्र नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे खेती-किसानी का कार्य गंभीर रूप से प्रभावित हो रहा है और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

किसानों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर वे पहले तहसीलदार के पास भी पहुंचे थे, लेकिन वहां उनका आवेदन तक स्वीकार नहीं किया गया। प्रशासनिक स्तर पर सुनवाई नहीं होने से परेशान किसानों ने कलेक्टर जनदर्शन में अपनी पीड़ा रखते हुए खेतों तक पहुंचने के लिए स्थायी मार्ग बहाल कराने की मांग की।

किसानों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर समस्या का समाधान करने की अपील की है, ताकि खेती का कार्य बिना किसी बाधा के सुचारु रूप से संचालित हो सके।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें