धमधा में विधायक ईश्वर साहू पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामल... - CG Sandesh

धमधा में विधायक ईश्वर साहू पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला, भाजपा ने थाने में सौंपा ज्ञापन

धमधा : सोशल मीडिया पर साजा विधानसभा के विधायक ईश्वर साहू के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के मामले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को धमधा थाना पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। भाजपा धमधा मंडल अध्यक्ष लोकेन्द्र ब्रम्हभट्ट के नेतृत्व में थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजीव गुप्ता ने फेसबुक पेज BMT Times की एक पोस्ट के वीडियो पर विधायक ईश्वर साहू के खिलाफ कथित रूप से अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी की। भाजपा का कहना है कि इससे जनप्रतिनिधि की गरिमा को ठेस पहुंची है, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं तथा क्षेत्र में सामाजिक तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।

भाजपा ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ प्रचलित कानून के तहत उचित और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही कहा है कि भविष्य में इस तरह की अभद्र भाषा और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों पर प्रभावी रोक लगाई जानी चाहिए।

ज्ञापन के साथ संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट को साक्ष्य के रूप में भी पुलिस को उपलब्ध कराए जाने की जानकारी दी गई है। फिलहाल पुलिस ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का भरोसा दिया है।



अन्य सम्बंधित खबरें