CG : ठगड़ा बांध से अटल आवास तक: विकास के वादों के बीच बदहाली का दावा, छह साल बाद भी मूलभूत सुविधाओं को तरसे रहवासी
दुर्ग के ऐतिहासिक ठगड़ा बांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए वर्षों पहले वहां निवास कर रहे सैकड़ों परिवारों को हटाकर बोरसी स्थित अटल आवास में बसाया गया था। उद्देश्य था प्रभावित परिवारों को बेहतर आवास और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना, लेकिन छह वर्ष बाद भी रहवासियों का आरोप है कि उन्हें साफ-सफाई, जल निकासी और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।
करीब 250 परिवारों के रहने वाले अटल आवास परिसर में जगह-जगह गंदगी, जाम नालियां और जलभराव की समस्या बनी हुई है। रहवासियों का कहना है कि किचन, बाथरूम और शौचालय का गंदा पानी भवनों के पीछे जमा हो जाता है, जिससे पूरे परिसर में बदबू फैलती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है। बारिश के मौसम में हालात और भी गंभीर हो जाते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले छह वर्षों में परिसर की पानी की टंकी की एक बार भी सफाई नहीं कराई गई। उनका कहना है कि कई बार घरों में पीले रंग का दूषित पानी आता है, जिसे मजबूरी में उपयोग करना पड़ता है। रहवासियों का दावा है कि इसके कारण कई परिवारों के सदस्य लगातार बीमार रहते हैं।
रहवासियों ने बताया कि नगर निगम और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उनका आरोप है कि सफाई व्यवस्था नियमित नहीं है और कुछ मामलों में सफाई कर्मियों द्वारा पैसे मांगने की शिकायतें भी सामने आई हैं।
इस मामले में संबंधित वार्ड पार्षद ने भी व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि अटल आवास के निर्माण के दौरान गंदे पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, जिससे सेप्टिक लाइनें जाम हो गई हैं और शौचालयों का पानी भवनों के आसपास फैल रहा है। उन्होंने कहा कि महापौर, विधायक और वे स्वयं सत्ताधारी दल से जुड़े होने के बावजूद वर्षों से इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।
वहीं, दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने बताया कि पूर्व में ठेकेदार को भुगतान नहीं मिलने के कारण निकासी से संबंधित कार्य अधूरा रह गया था, जिसके चलते यह समस्या उत्पन्न हुई। उन्होंने कहा कि संबंधित पक्षों के साथ चर्चा कर अधूरे कार्य को पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही अधिकारियों को अटल आवास परिसर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।