CG : खाना खाने के विवाद में बड़े भाई ने टांगी मारकर की छोटे भ... - CG Sandesh

CG : खाना खाने के विवाद में बड़े भाई ने टांगी मारकर की छोटे भाई की हत्या

कोरबा। मंगलवार की देर रात बांगो थाना क्षेत्र के ग्राम नामलेपरा में खाना खाने को लेकर हुए विवाद में एक बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई पर टांगी से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार नानलेपरा निवासी 42 वर्षीय मथुरा धनवार सोमवार रात अपनी पत्नी प्रमिला धनवार के साथ अपने बड़े भाई 45 वर्षीय कैलाश धनवार के घर खाना खाने गया था। परिवार के सभी सदस्य एक साथ बैठकर खाना खा रहे थे। खाना खाने के बाद मथुरा आंगन में चला गया। वहां से वह बार-बार अपनी पत्नी प्रमिला को जल्दी खाना खाने के लिए आवाज देने लगा। पत्नी के देर से आने पर मथुरा लगातार जिद कर रहा था।

मथुरा की बार-बार आवाज लगाने से बड़ा भाई कैलाश आग बबूला हो गया। गुस्से में उसने घर में रखी टांगी उठाई और आंगन में बैठे मथुरा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मथुरा गंभीर रूप से घायल हो गया और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।

घटना के बाद घर में हड़कंप मच गया। परिजन और आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में घायल मथुरा को परिजन 108 एंबुलेंस की मदद से पौड़ी उपरोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी कैलाश धनवार मौके से फरार हो गया। बताया जा रहा है कि वह गांव से लगे जंगल की ओर भाग गया है। घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, खून से सनी टांगी को जब्त किया और परिजनों के बयान दर्ज किए।

मृतक की पत्नी प्रमिला धनवार की रिपोर्ट पर बांगो पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।


अन्य सम्बंधित खबरें