CG : भाजपा-कांग्रेस ने एक-दूसरे के खिलाफ किया प्रदर्शन,  - CG Sandesh

CG : भाजपा-कांग्रेस ने एक-दूसरे के खिलाफ किया प्रदर्शन,

दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास घेराव के विरोध में 22 जुलाई को रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शंकर नगर क्षेत्र में स्थित कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। 

दूसरी ओर, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पार्टी की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिए जाने के विरोध में रायपुर में भाजपा कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। इस बीच, पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई।

रैली के दौरान फेंके गए पत्थर और बोतलें, पुलिसकर्मी घायल

रायपुर में एक रैली के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और रैली को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल द्वारा बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली जा रही थी। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा अचानक पत्थर एवं बोतलें फेंके जाने से अव्यवस्था की स्थिति निर्मित हो गई, जिसमें ड्यूटी पर तैनात पुलिस के 16 जवान घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक शामिल थी, दो पुलिस जवानों को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही रायपुर के पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला में अस्पताल पहुंच भर्ती पुलिस जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से घायल जवानों के स्वास्थ्य एवं उपचार की विस्तृत जानकारी ली तथा सभी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेटिंग के दौरान भीड़ के बीच फंस जाने से उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई, जिसके बाद उन्हें तत्काल अस्पताल लाया गया। वहीं, प्रशिक्षु उप निरीक्षक (पीएसआई) देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई है, जिनका उपचार चिकित्सकों की निगरानी में जारी है।

अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस दौरान पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, एसीपी नीलेश द्विवेदी, टीआई राजेश मरई सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें