छत्तीसगढ़  में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ में भारी से अति भारी वर्षा की चेतावनी

राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में आज सुबह से ही रूक-रूक बारिश हो रही है। बारिश के कारण अनेक नदी-नाले उफान पर हैं। जांजगीर-चांपा जिले के रिंगनी-कुकदा और बिलारी-कचंदा नाला स्थित पुल के ऊपर से पानी बह रहा है, जिसके कारण इस मार्ग पर चौबीस घंटे से आवागमन बंद है। सुरक्षा के मद्देनजर पुल के दोनों ओर डी.डी.आर.एफ. की टीम को तैनात किया गया है। इसी जिले में बारिश की वजह से जमड़ी नाला भी उफान पर है, जिससे सिवनी-बहेराडीह मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। 

उधर, कबीरधाम जिले के कुकदूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लोखान में नाले के तेज बहाव में बहने से एक बालक की मृत्यु हो गई। मृतक का शव आज आगर नदी के एक पेड़ में फंसा मिला। पुलिस के अनुसार मृतक अपने दोस्त के साथ नाला पार कर रहा था। तभी वह तेज पानी के बहाव में बह गया। वहीं, कोरबा जिले के लेमरू थाना क्षेत्र में उफनते सांचर नाले को पार करने की कोषिष में एक युवक बाइक समेत बह गया।

मंगलवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त तलाष में उसका शव घटनास्थल से करीब तीन किलोमीटर दूर बरामद किया गया। लगातार बारिश के कारण सक्ती जिले के जैजैपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नालियों का गंदा पानी अस्पताल परिसर में घुस गया।

डिलीवरी रूम, जनरल वार्ड, स्टोर, इंजेक्शन कक्ष, ड्रेसिंग रूम सहित कई हिस्सों में लगभग एक फीट पानी भर गया है। इस बीच, मौसम विभाग ने अगले चौबीस घंटों के दौरान बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग में ऑरेज अलर्ट जारी करते हुए कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की चेतावनी दी है। मौसम विज्ञानी डॉक्टर गायत्री वाणी ने बताया कि प्रदेष में यह स्थिति अगले तीन दिनों तक बनी रहेगी।


author

त्रिवेन्द्र जगत

त्रिवेन्द्र जगत एक अनुभवी डिजिटल पत्रकार और cgsandesh.com के लेखक हैं। स्नातक की डिग्री और पत्रकारिता में 7+ वर्षों के अनुभव के साथ, वे पाठकों के लिए शिक्षा, करियर, करंट अफेयर्स और सरकारी योजनाओं से जुड़ी हर छोटी-बड़ी और महत्वपूर्ण खबर लेकर आते हैं। सही, सटीक और समय पर जानकारी देना ही उनका मुख्य लक्ष्य है।
अन्य सम्बंधित खबरें