सरायपाली डिवीजन के 33/11 केवी सबस्टेशन ऑपरेटरों का वेतन लंबित, कर्मचारियों में नाराजगी
सरायपाली डिवीजन के अंतर्गत संचालित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों में सिंह इंफ्रा वेंचर कंपनी के माध्यम से कार्यरत सबस्टेशन ऑपरेटरों का वेतन समय पर नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी व्याप्त है। कर्मचारियों के अनुसार उन्हें प्रत्येक माह 7 से 10 तारीख के बीच वेतन प्राप्त हो जाता है, लेकिन इस माह अब तक किसी भी कर्मचारी के खाते में वेतन का भुगतान नहीं हुआ है।
कर्मचारियों ने बताया कि वेतन संबंधी जानकारी लेने पर कंपनी की ओर से बताया गया कि विभाग द्वारा पिछले दो माह के बिलों का भुगतान (बिल पास) नहीं किए जाने के कारण वेतन जारी नहीं हो सका है। कंपनी ने इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए संबंधित डिवीजन कार्यालय से संपर्क करने की बात कही है।
समय पर वेतन नहीं मिलने से कर्मचारियों को आर्थिक एवं पारिवारिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि वे नियमित रूप से अपनी सेवाएं दे रहे हैं और विद्युत व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें समय पर मेहनताना नहीं मिल रहा है।
सबस्टेशन ऑपरेटरों ने संबंधित विभाग एवं सिंह इंफ्रा वेंचर कंपनी से मांग की है कि लंबित बिलों के भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर कर्मचारियों का रुका हुआ वेतन तत्काल जारी किया जाए, ताकि उन्हें आर्थिक कठिनाइयों से राहत मिल सके।