सक्ति : जैजैपुर अस्पताल में घुसा नाली का गंदा पानी, डिलीवरी ... - CG Sandesh

सक्ति : जैजैपुर अस्पताल में घुसा नाली का गंदा पानी, डिलीवरी रूम से जनरल वार्ड तक जलभराव

सक्ति : जिले में मंगलवार देर रात हुई मूसलाधार बारिश ने जैजैपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्था उजागर कर दी। नगर पंचायत की जाम नालियों का गंदा पानी अस्पताल परिसर में घुस गया, जिससे डिलीवरी रूम, जनरल वार्ड, स्टोर, इंजेक्शन कक्ष, ड्रेसिंग रूम सहित कई हिस्सों में घुटनों तक पानी भर गया। पूरी रात मरीजों, प्रसूताओं और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सबसे गंभीर स्थिति डिलीवरी रूम और नवजात शिशु वार्ड में रही, जहां जलभराव के कारण संक्रमण का खतरा बढ़ गया। परिजनों को नवजातों और मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। अस्पताल में उपचार सेवाएं भी प्रभावित हुईं।

मरीजों के परिजनों का कहना है कि नगर पंचायत की नालियां जाम होने के कारण बारिश का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर अस्पताल में घुस गया। अस्पताल के कई कमरों में पानी भरने से स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं और मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

बुधवार सुबह सफाईकर्मियों ने अस्पताल परिसर और वार्डों से पानी निकालकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया, जिसके बाद मरीजों और अस्पताल स्टाफ को कुछ राहत मिली।

घटना के बाद अस्पताल की जल निकासी व्यवस्था और भवन की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए नालियों की नियमित सफाई और स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें