कारगिल विजय दिवस पर देशभक्ति और नशा मुक्ति का संदेश, प्रतियोगिताओं व रैली का हुआ आयोजन
खैरागढ़ : कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शासकीय हाई स्कूल अमलीपारा, खैरागढ़ में देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हाई स्कूल एवं मिडिल स्कूल अमलीपारा के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर रंगोली, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के शौर्य, साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि दी। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय के प्राचार्य द्वारा प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति अभियान के तहत सभी छात्र-छात्राओं और विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों को नशा मुक्त रहने की शपथ दिलाई गई। इसके बाद विद्यालय परिवार ने जागरूकता रैली निकाली, जिसमें विद्यार्थियों ने नारे लगाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया।
इस आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।