कोरिया में पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल, 4 हेक्टेयर में लगाए गए 1000 फलदार पौधे
कोरिया : पर्यावरण संरक्षण और भूजल संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कोरिया जिले में वृहद पौधारोपण अभियान चलाया गया। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव के निर्देशन में सोनहत जनपद के ग्राम किशोरी में 4 हेक्टेयर भूमि पर एक हजार फलदार पौधों का रोपण किया गया। अभियान में स्व-सहायता समूह की महिलाओं, जनप्रतिनिधियों और स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत कलेक्टर रोक्तिमा यादव ने अमरूद का पौधा लगाकर की, जबकि जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी योगेंद्र श्रीवास ने कटहल का पौधा रोपा। इस दौरान ग्रामीणों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अभियान में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अकलासरई और माध्यमिक विद्यालय किशोरी के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवकों सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
जिला पंचायत सीईओ योगेंद्र श्रीवास ने बताया कि 4 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किए जा रहे इस फलोद्यान के साथ जल संरक्षण की व्यापक व्यवस्था भी की गई है। परिसर में 50 बोल्डर चेक, 50 रिचार्ज पिट, 600 से अधिक कंटूर ट्रेंच और 250 से ज्यादा थर्टी-फोर्टी मॉडल तैयार किए गए हैं, ताकि वर्षा जल का अधिकतम भूजल पुनर्भरण हो सके। इस पूरे परिसर के संरक्षण और देखरेख की जिम्मेदारी स्व-सहायता समूह की महिलाओं को सौंपी गई है।
जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल जिले में हरित क्षेत्र बढ़ाने, भूजल स्तर सुधारने और भविष्य में फल उत्पादन के माध्यम से ग्रामीणों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।