खैरागढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सुनी ‘मन की बात’, कारगिल शहीदों को दी श्रद्धांजलि
खैरागढ़ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का प्रसारण रविवार को खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक-11 किल्लापारा में सामूहिक रूप से सुना गया। पार्षद एवं सभापति रूपेंद्र रजक के निवास पर आयोजित कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के संबोधन का श्रवण किया। आयोजन झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मंजीत सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्र निर्माण, युवा शक्ति और सामाजिक नवाचार जैसे विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
जिला संयोजक मंजीत सिंह ने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री और देशवासियों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि कारगिल के शहीदों का बलिदान हमेशा देशवासियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। साथ ही युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया गया।
इस अवसर पर चंदन गोस्वामी, कुलेश्वर सिन्हा, जितेंद्र श्रीवास्तव, राजेश यादव, राजू यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।