विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अहम: प्रधानमंत्री मोदी
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि युवा केवल विकसित भारत की ताकत ही नहीं, बल्कि उसके सबसे बड़े लाभार्थी भी हैं। प्रधानमंत्री ने यह बात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 'विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम' के प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कही।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब युवाओं की ऊर्जा देश की चुनौतियों के समाधान में लगती है, तो देश का भविष्य और अधिक उज्ज्वल बनता है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर से जुड़कर काम करने वाले युवा समावेशी विकास को नई दिशा देते हैं।
उन्होंने बताया कि विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को सीमावर्ती गांवों को समझने, वहां की परिस्थितियों को करीब से देखने और उनसे जुड़ने के लिए प्रेरित करना है। इस कार्यक्रम को देशभर में अच्छा प्रतिसाद मिला है। प्रतियोगिता में करीब 3 लाख युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 400 से अधिक प्रतिभागियों का चयन किया गया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित गांव ही विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। सरकार 'सीमावर्ती गांव पहले गांव' की सोच के साथ इन क्षेत्रों में तेजी से विकास कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद पहली बार कई सीमावर्ती गांवों तक सड़क, बिजली और नल से जल जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंची हैं।
उन्होंने सामुदायिक भागीदारी को भारत की सांस्कृतिक ताकत बताते हुए कहा कि सरकार उन लोगों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जो अब तक इससे वंचित रहे थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 'माई भारत' पहल के माध्यम से देशभर से आए युवा एक परिवार की तरह जुड़े हैं, जिससे राष्ट्रीय एकता और अपनत्व की भावना मजबूत हुई है। उन्होंने विशेष रूप से इस यात्रा में शामिल युवा महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी भागीदारी भारत की बेटियों के आत्मविश्वास और साहस का प्रतीक है। सरकार हर युवा, विशेषकर बेटियों को आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम के दौरान देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आए 400 से अधिक युवाओं ने सीमावर्ती गांवों के अपने अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए।