छत्तीसगढ़ BJP में बगावत! डोंगरगढ़ के 111 कार्यकर्ताओं ने सामूहिक इस्तीफे का किया ऐलान
छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ से भारतीय जनता पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक खबर सामने आई है। डोंगरगढ़ शहर मंडल के 111 कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष के खिलाफ नाराजगी जताते हुए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा देने का ऐलान किया है। डोंगरगढ़ शहर मंडल में निवासरत 111 भाजपा कार्यकर्ताओं, जिनमें मंडल, जिला व प्रदेश मोर्चा-प्रकोष्ठ के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, पूर्व पार्षद, बूथ अध्यक्ष, सक्रिय सदस्य और शक्ति केंद्र प्रभारी शामिल हैं, ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सामूहिक इस्तीफे की घोषणा की है।
प्रेस विज्ञप्ति में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना के कार्य करने के तरीके और कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा से वे आहत हैं। इसी वजह से उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है।
कार्यकर्ताओं ने बताया कि उनका सामूहिक इस्तीफा जिला भाजपा अध्यक्ष सहित प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, प्रदेश संगठन मंत्री पवन साय और पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को संबोधित कर भेजा जा रहा है। 111 कार्यकर्ताओं के एक साथ इस्तीफे की घोषणा से डोंगरगढ़ की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की नजर पार्टी संगठन की अगली कार्रवाई और इस मामले पर आने वाली आधिकारिक प्रतिक्रिया पर टिकी है।
डोंगरगढ़ भाजपा में 111 कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे की घोषणा ने संगठन के भीतर असंतोष को खुलकर सामने ला दिया है। अगर इस्तीफे स्वीकार किए जाते हैं, तो इसका असर स्थानीय संगठन और आने वाले राजनीतिक समीकरणों पर पड़ सकता है। फिलहाल पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।