कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: राजनांदगांव की बेटी ज्ञानेश्वरी यादव ने जीता रजत पदक, बढ़ाया देश-प्रदेश का मान
राजनांदगांव : स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव ने रजत पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस उपलब्धि के बाद राजनांदगांव स्थित उनके निवास कोरिनकांठा में बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 199 किलोग्राम वजन उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया। उन्होंने स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम वजन उठाया। उनके इस प्रदर्शन से भारत को कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पांचवां पदक मिला।
ज्ञानेश्वरी की सफलता संघर्ष और मेहनत की मिसाल है। उनके पिता दीपक यादव पेशे से इलेक्ट्रीशियन हैं और स्वयं भी बॉडीबिल्डर रह चुके हैं। सीमित संसाधनों वाले मध्यमवर्गीय परिवार से आने के बावजूद ज्ञानेश्वरी ने कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है।
ज्ञानेश्वरी की इस उपलब्धि से पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है। परिजनों, रिश्तेदारों, खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।