बसना : दहेज प्रताड़ना के आरोप में पति और सास-ससुर के खिलाफ केस दर्ज
बसना थाने में एक महिला ने दहेज़ प्रताड़ना के आरोप में पति और सास-ससुर के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है. महिला का आरोप है कि उसे दहेज़ में कम सामान लायी है कहकर ताना देते हुए शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया करते थे.
ग्राम बरोली हाल ग्राम बडेटेमरी निवासी पीड़ित महिला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया है कि उसका विवाह 6 अप्रैल 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से बरोली के लोकेश साव के साथ हुआ था.
महिला का आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही उसके पति लोकेश साव, सास राधाबाई साव व ससुर रमेश साव दहेज में कम सामान लायी है कहकर ताना देते हुए सोने-चांदी के आभूषण और नगद राशि की मांग करते हुए शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे.
महिला ने आगे शिकायत में बताया है कि उसका पति शराब के नशे में गाली-गलौज, अश्लील हरकतें और मारपीट करता था. लोकेश के माता-पिता ताने देकर उसे मारपीट के लिए उकसाते थे. महिला ने बताया कि जब उसका तबीयत खराब हुआ तो उसके ससुराल वालों ने इलाज कराने के बजाय उसे मायके छोड़ दिया. जिसके बाद महिला ने दहेज के नाम पर प्रताड़ना एवं शारीरिक व मानसिक क्रूरता के संबंध में अपने माता-पिता बताया.
बताया गया कि 5 मार्च 2026 को सामाजिक बैठक में सुलह होने पर महिला पुनः अपने ससुराल बरोली गई, किंतु अगले ही दिन से फिर दहेज की मांग को लेकर मारपीट व गाली-गलौज शुरू कर दी गई.
महिला परिवार को जोड़ने के उद्देश्य से काउंसलिंग हेतु महिला परामर्श केंद्र (परिवार परामर्श केंद्र/महिला सेल) महासमुंद गयी थी. महिला परामर्श केंद्र में जांचकर्ता एवं परामर्शदाताओं के समक्ष दोनों पक्षों की काउंसलिंग की गई, जहाँ महिला के ससुराल वालों ने उसे अपने साथ रखने और अपनाने से स्पष्ट रूप से इंकार कर दिया.
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी लोकेश साव, राधाबाई और रमेश साव के खिलाफ धारा 3(5)-BNS, 85-BNS के तहत अपराध कायम किया है.