कुछ घंटों की बारिश में दरिया बना नेशनल हाईवे, जलभराव से फंसे वाहन; करोड़ों की सड़क की गुणवत्ता पर उठे सवाल
भानुप्रतापपुर/चारामा : कांकेर जिले के चारामा में कुछ घंटों की बारिश ने नेशनल हाईवे की बदहाल व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। चारामा से रायपुर जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे हाईवे किसी नदी जैसा नजर आने लगा। हैरानी की बात यह रही कि आसपास के नदी-नाले उफान पर नहीं थे, इसके बावजूद हाईवे पर भारी जलभराव हो गया।
सड़क पर पानी डिवाइडर तक पहुंच गया और कई स्थानों पर तेज बहाव देखने को मिला। जलभराव के कारण दोपहिया वाहन बीच सड़क पर बंद हो गए और वाहन चालकों को अपनी स्कूटी व बाइक धक्का देकर निकालनी पड़ी। वहीं चारपहिया वाहन भी बेहद धीमी गति से गुजरते नजर आए। सड़क पर भरे पानी के चलते दुर्घटना का खतरा लगातार बना रहा।
बारिश का पानी सड़क किनारे स्थित दुकानों तक भी पहुंच गया। कई दुकानों में पानी घुसने से व्यापारियों को जल्दबाजी में सामान सुरक्षित स्थानों पर रखना पड़ा। जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही भी प्रभावित हुई, जिससे कारोबार पर असर पड़ा। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि हर बारिश में यही स्थिति बनती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहली तेज बारिश में ही इस तरह जलभराव होना निर्माण की गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। लोगों ने जिम्मेदार विभाग से हाईवे की ड्रेनेज व्यवस्था में सुधार कर स्थायी समाधान करने की मांग की है।