बालोद : कीचड़ भरी सड़क पर ग्रामीणों का अनोखा विरोध, सड़क पर धान की रोपाई कर जताया आक्रोश
बालोद : जिले के डौंडी विकासखंड अंतर्गत ग्राम भैंसबोड़ में बदहाल सड़क और निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कीचड़ से लबालब सड़क पर धान की रोपाई कर प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ अपना आक्रोश जताया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए करीब नौ महीने पहले ही कार्यादेश जारी कर दिया गया था, लेकिन अब तक ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू नहीं किया है। इसके चलते गांव के लोगों को रोजाना कीचड़ से भरे रास्ते से आवागमन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और भी खराब हो गई है। कीचड़ के कारण स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी लापरवाही के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर अपना विरोध दर्ज कराया और जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।