मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने लॉन... - CG Sandesh

मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने लॉन्च किए ‘वेव्स बाज़ार’ और ‘वेवएक्स’ डिजिटल प्लेटफॉर्म

नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने मीडिया और मनोरंजन उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो नए डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘वेव्स बाज़ार’ और ‘वेवएक्स’ शुरू किए हैं। इन प्लेटफॉर्म का उद्देश्य एनिमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (VFX), गेमिंग, कॉमिक्स और एक्सटेंडेड रियलिटी (XR) जैसे उभरते क्षेत्रों के इकोसिस्टम को मजबूत करना है।

लोकसभा में बुधवार को एक प्रश्न के लिखित उत्तर में सूचना एवं प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन ने बताया कि वेव्स बाज़ार मीडिया और मनोरंजन उद्योग के लिए सालभर संचालित होने वाला वैश्विक बिजनेस और नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म होगा। इसके माध्यम से फिल्म, एनिमेशन, वीएफएक्स, गेमिंग, इमर्सिव मीडिया, संगीत और डिजिटल कंटेंट से जुड़े पेशेवरों एवं कंपनियों को नए व्यावसायिक अवसर, बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकें, अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच, निवेश और वैश्विक सहयोग के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि वेवएक्स विशेष रूप से मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र के स्टार्टअप्स के लिए विकसित किया गया है। यह प्लेटफॉर्म निवेशकों, उद्योग भागीदारों और इनक्यूबेटरों से स्टार्टअप्स को जोड़कर फंडिंग और नवाचार को बढ़ावा देने का कार्य करेगा।

सरकार का मानना है कि इन दोनों डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भारत के क्रिएटिव और डिजिटल मीडिया उद्योग को वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ-साथ रोजगार, निवेश और तकनीकी नवाचार को भी नई गति मिलेगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें