छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित
छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों में पिछले दो दिनों से हो रही बारिश के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। वहीं, कई नदी-नाले उफान पर हैं। बीजापुर जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण बारेगुड़ा, गंगालूर समेत कई मार्ग बंद होने से सैकड़ों गांवों का जिला मुख्यालय से सड़क संपर्क टूट गया है। कई स्थानों पर पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हुआ है।
इधर, महासमुंद जिले में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति निर्मित हो गई है। जिले के बागबाहरा ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम सेवाती में भारी बारिश के कारण मुख्य सड़क का एक हिस्सा बह गया है, जिसके चलते कई गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। वहीं, कलमीदादर बांध में पानी की आवक बढ़ने के कारण बांध पूरी तरह भर चुका है। बांध के ओवरफ्लो होने से पानी आसपास के निचले इलाकों और पहुंच मार्गों पर बह रहा है, जिससे इस रास्ते पर गाड़ियों की कतार लग गई है और यातायात बाधित हो गया है। जिला प्रशासन ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रभावित क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है।
दुर्ग जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते शिवनाथ नदी का जलस्तर बढ़ गया है। महमरा एनीकट के ऊपर करीब साढ़े चार फीट पानी बह रहा है, जिसके कारण प्रशासन ने दुर्ग से महमरा गांव जाने वाले एनीकट मार्ग को बंद कर दिया है।
गरियाबंद जिले में भारी बारिश के चलते गरियाबंद का नगरी, धमतरी और छुरा से सड़क संपर्क टूट गया है। वहीं, पन्टोरा कन्या आश्रम में जल भराव के कारण पचास से अधिक बच्चों को बारूका में स्थानांतरित किया गया है। सिकासेर बांध के सोलह गेट खोल दिए गए हैं। इस बांध से चवालीस हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने से पैरी और सोंढूर नदियां उफान पर हैं।
धमतरी जिले में भी पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नगरी ब्लॉक में कई गांवों का संपर्क जिला मुख्यालय से टूट गया है। स्कूल परिसर में पानी भरने के चलते जिला शिक्षा अधिकारी मधुलिका तिवारी ने नगरी के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी है। जिले के गंगरेल, सांेढूर, दुधावा और मुरुमसिल्ली बांध में पानी की आवक लगातार जारी है।
इस बीच, सक्ती जिले के दमाऊ धारा झरने में नहाने के दौरान कल एक युवक बह गया था, जिसका शव डीडीआरएफ की टीम ने आज बरामद किया है. प्रदेश में हो रही व्यापक वर्षा के चलते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सभी जिला कलेक्टर सहित अन्य अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं।