जनभागीदारी से तैयार होगी ग्राम पंचायत विकास योजना, खैरागढ़-छ... - CG Sandesh

जनभागीदारी से तैयार होगी ग्राम पंचायत विकास योजना, खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई की सभी पंचायतों में विशेष ग्राम सभा आयोजित

खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशानुसार खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई जिले की सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा का उद्देश्य 16वें वित्त आयोग के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) का निर्माण और अनुमोदन करना था। यह आयोजन छत्तीसगढ़ पंचायत राज अधिनियम, 1993 की धारा-6 के तहत संपन्न हुआ।

विशेष ग्राम सभाओं में सरपंच, पंच, सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में सड़क, नाली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा की गई। ग्रामीणों ने अपनी जरूरतों के अनुसार विकास कार्यों की प्राथमिकता तय करते हुए प्रस्ताव पारित किए।

इस वर्ष GPDP में शासन की महत्वाकांक्षी VB-G RAM-G योजना के अंतर्गत चिन्हित कार्यों का भी अभिसरण किया गया। इसके तहत अवसंरचना, आजीविका और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को GPDP में शामिल कर समन्वित कार्ययोजना तैयार की गई, जिससे डबल फंडिंग से बचते हुए अधिकतम विकास कार्य कराए जा सकें।

पंचायती राज मंत्रालय के निर्देशानुसार ग्राम सभा की कार्यवाही की 15 मिनट की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। साथ ही सभी निर्णयों को GS NIRNAY मोबाइल ऐप, सभासार पोर्टल, वाइब्रेंट ग्राम सभा पोर्टल और GPDP पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और जवाबदेह बनी रहे।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रेम कुमार पटेल ने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है। जनभागीदारी से तैयार विकास योजनाएं ही जमीनी स्तर पर प्रभावी साबित होती हैं। उन्होंने कहा कि VB-G RAM-G योजना के अभिसरण से गांवों में योजनाओं का समन्वित विकास संभव होगा और ग्रामीणों की सहमति के आधार पर विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें