विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने नवीन गौछाया परिसर का किया लोकार्पण, 75 लाख रुपये की सहायता की घोषणा
राजनांदगांव : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने गुरुवार को राजनांदगांव स्थित गौशाला पिंजरापोल में नवीन गौछाया परिसर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर चिकित्सा परिसर और गौचारा परिसर का भूमिपूजन भी किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विकास एवं पशुपालन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने की।
कार्यक्रम में डॉ. रमन सिंह ने गौशाला के विकास के लिए राज्य शासन की ओर से 75 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गौशाला पिंजरापोल केवल एक गौशाला नहीं, बल्कि समाज की आस्था और सेवा भावना का प्रतीक है। 122 वर्षों की इसकी गौरवशाली यात्रा जनसेवा, गौसंवर्धन और सामाजिक सहभागिता का प्रेरणादायी उदाहरण है।
कृषि विकास एवं पशुपालन विकास मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि 122 वर्षों के इतिहास वाली ऐसी समृद्ध गौशाला विरले ही देखने को मिलती है। उन्होंने गौसेवा के प्रति समाज और दानदाताओं की भागीदारी को अनुकरणीय बताते हुए इसे सामाजिक सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव, राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर सिंह पटेल सहित जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि, दानदाता और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।