भिलाई-दुर्ग में आवारा मवेशियों से बढ़ा हादसों का खतरा, आम आद... - CG Sandesh

भिलाई-दुर्ग में आवारा मवेशियों से बढ़ा हादसों का खतरा, आम आदमी पार्टी ने निगम आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

भिलाई : बारिश के मौसम में भिलाई-दुर्ग की सड़कों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा लोगों के लिए बड़ी परेशानी और हादसों का कारण बनता जा रहा है। मुख्य सड़कों, नेशनल हाईवे और घनी आबादी वाले इलाकों में सड़क पर बैठे मवेशियों के चलते वाहन चालकों की सुरक्षा पर लगातार खतरा मंडरा रहा है। इस समस्या को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) जिला दुर्ग ने नगर पालिक निगम भिलाई-चरौदा के आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

आप नेताओं ने बताया कि बारिश शुरू होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है। खुर्सीपार, सुपेला, स्मृति नगर सहित कई इलाकों में सड़क पर बैठे मवेशियों के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक मवेशियों के आ जाने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। कई बार दोपहिया वाहन चालक मवेशियों को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो चुके हैं।

ज्ञापन में निगम प्रशासन से आवारा मवेशियों को तत्काल सड़कों से हटाने, उनके लिए उचित व्यवस्था करने और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की गई है।

आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों का कहना है कि यह केवल यातायात व्यवस्था का मुद्दा नहीं, बल्कि आम नागरिकों की जान-माल की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय है। उन्होंने निगम प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें