लगातार बारिश से उफान पर शिवनाथ नदी, विभिन्न बैराजों से छोड़ा गया 27 हजार क्यूसेक से अधिक पानी
राजनांदगांव : जिले में पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार मध्यम से भारी बारिश के कारण शिवनाथ नदी उफान पर है। वहीं सीमावर्ती महाराष्ट्र क्षेत्र में भी भारी वर्षा होने से मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी स्थित मोंगरा बैराज लबालब भर गया है। बैराजों में जलभराव बढ़ने के बाद पानी छोड़े जाने से शिवनाथ नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और कई स्थानों पर बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है।
बारिश के चलते जिले के अधिकांश बैराजों में 80 प्रतिशत से अधिक जलभराव हो चुका है। कैचमेंट एरिया से लगातार पानी आने के कारण मोंगरा, घुमरिया, सूखा नाला और खातूटोला बैराज से पानी की निकासी की जा रही है।
प्रशासन के अनुसार, मोंगरा बैराज से 11,004 क्यूसेक, घुमरिया बैराज से 6,170 क्यूसेक, सूखा नाला बैराज से 8,700 क्यूसेक और खातूटोला बैराज से 2,093 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यानी कुल 27,967 क्यूसेक पानी शिवनाथ नदी में प्रवाहित किया गया है, जिससे नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा है।
बाढ़ की आशंका को देखते हुए नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नदी और तटवर्ती क्षेत्रों में जाने से बचने तथा सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।