दमाउधारा वाटरफॉल हादसा: दूसरे दिन मिला लापता युवक का शव, कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाउधारा वाटरफॉल में हुए दर्दनाक हादसे में लापता युवक का शव दूसरे दिन बरामद कर लिया गया। भिलाई से दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने आए प्रतीक कंवर तेज बहाव में बह गए थे, जिसके बाद प्रशासन की ओर से लगातार रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा था।
बुधवार सुबह से एसडीआरएफ (SDRF), स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। गहरे पानी, खाई और दुर्गम चट्टानों के बीच टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कई घंटों की तलाश के बाद दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच प्रतीक कंवर का शव बरामद कर लिया गया।
रेस्क्यू टीम ने कठिन परिस्थितियों में अभियान चलाकर शव को बाहर निकाला। शव मिलने की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल छा गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बारिश के मौसम में जलप्रपातों, नदियों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।