एमसीबी में 75 से अधिक महिलाएं महतारी वंदन योजना के लाभ से वं... - CG Sandesh

एमसीबी में 75 से अधिक महिलाएं महतारी वंदन योजना के लाभ से वंचित, आवेदन ऑनलाइन नहीं होने का आरोप

एमसीबी : छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की बड़ी पहल माना जाता है, लेकिन एमसीबी जिले में इस योजना के क्रियान्वयन पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की 75 से अधिक महिलाओं का आरोप है कि आवेदन भरने और सभी जरूरी दस्तावेज जमा करने के बावजूद उन्हें ढाई साल बाद भी योजना की एक भी किस्त नहीं मिली।

महिलाओं का कहना है कि योजना शुरू होने के दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में आवेदन भरा था, लेकिन संबंधित आंगनबाड़ी सहायिका ने उनके आवेदन ऑनलाइन ही नहीं किए। इसके कारण वे योजना के लाभ से वंचित रह गईं। पीड़ित महिलाओं ने इस संबंध में कलेक्टर कार्यालय में लिखित शिकायत भी की, लेकिन अब तक न तो जांच हुई और न ही किसी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी पर कार्रवाई की गई।

बाही गांव की रहने वाली धनवातिया ने बताया कि महतारी वंदन योजना का फॉर्म शुरुआत में भरवाया गया था, लेकिन आज तक एक भी किस्त नहीं मिली। उन्होंने बताया कि कलेक्टर कार्यालय में शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई।

वहीं, इंद्रकुवर ने भी आरोप लगाया कि आवेदन भरने के बाद भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिला। उन्होंने बताया कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को जानकारी देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।

इस मामले पर एमसीबी कलेक्टर संतन देवी जांगड़े ने कहा कि जिला कार्यक्रम अधिकारी (डीपीओ) को संबंधित गांव में भेजकर सभी महिलाओं की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जिन महिलाओं की ई-केवाईसी लंबित है, उनकी ई-केवाईसी कराई जाएगी और जिनके आवेदन अधूरे हैं, उन्हें भी पूरा कराया जाएगा। पात्र हितग्राहियों की सूची शासन को भेजी जाएगी ताकि पोर्टल खुलने पर उनके आवेदनों पर विचार किया जा सके।

कलेक्टर ने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

महिलाओं की शिकायत के बाद अब यह देखना होगा कि प्रशासन जांच पूरी कर पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिला पाता है या नहीं।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें