साजा में कंप्यूटर खरीदी पर घोटाले के आरोप, 1 करोड़ की खरीद म... - CG Sandesh

साजा में कंप्यूटर खरीदी पर घोटाले के आरोप, 1 करोड़ की खरीद में बाजार मूल्य से चार गुना अधिक कीमत का दावा

बेमेतरा : साजा विधानसभा क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में विधायक निधि से खरीदे गए कंप्यूटरों को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। आरोप है कि वर्ष 2024-25 और 2025-26 में करीब 1 करोड़ रुपये की कंप्यूटर खरीदी बाजार मूल्य से लगभग चार गुना अधिक कीमत पर की गई। मामला सामने आने के बाद बेमेतरा कलेक्टर ने जांच के आदेश देते हुए चार सदस्यीय टीम गठित की है।

जानकारी के अनुसार, साजा विधानसभा के 40 सरकारी स्कूलों में विधायक निधि से कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराए गए। प्रत्येक सेट में 3 कंप्यूटर, मॉनिटर, सीपीयू, की-बोर्ड और यूपीएस शामिल था। एक सेट के लिए करीब 2.5 लाख रुपये का भुगतान किया गया, जबकि स्थानीय बाजार में इसी तरह के सेट की कीमत 60 से 65 हजार रुपये बताई जा रही है। इस आधार पर खरीदी में करीब 70 लाख रुपये के अंतर का दावा किया जा रहा है।

विवाद का एक और पहलू यह है कि कई स्कूलों के प्राचार्यों का कहना है कि उन्होंने न तो विभाग से और न ही किसी जनप्रतिनिधि से कंप्यूटर की मांग की थी। उनके अनुसार बिना मांग के ही स्कूलों में कंप्यूटर भेज दिए गए। नवागांवकला, केहका, केसतरा और बीजा सहित एक दर्जन से अधिक स्कूलों में ऐसी स्थिति बताई जा रही है।

स्कूलों में पर्याप्त कंप्यूटर लैब और सुरक्षित कमरे नहीं होने के कारण अधिकांश कंप्यूटर उपयोग में नहीं आ रहे हैं। कई जगह ये अलमारी, स्टोर रूम या कक्षाओं के कोनों में रखे हुए हैं, जिससे विद्यार्थियों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा है।

मामले में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष आशीष छाबड़ा ने इसे विधायक निधि के दुरुपयोग का आरोप लगाते हुए कहा कि निधि का उपयोग जनता की मूलभूत जरूरतों पर होना चाहिए, न कि महंगे उपकरण खरीदकर उन्हें अनुपयोगी छोड़ने पर।

मामला सामने आने के बाद बेमेतरा कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाई ने चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है। जांच टीम पूरे मामले की पड़ताल कर जल्द अपनी रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपेगी। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है या नहीं।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें