श्रमिक सम्मेलन में पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, 1802 हितग्राहियों को ₹3.43 करोड़ से अधिक की सहायता, ई-रिक्शा की सवारी भी की
राजनांदगांव : राजनांदगांव के पद्मश्री गोविंद राम निर्मलकर ऑडिटोरियम में आयोजित श्रमिक सम्मेलन में छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक डॉ. रमन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने श्रम कल्याण एवं छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की विभिन्न योजनाओं के तहत 1,802 हितग्राहियों को 3 करोड़ 43 लाख 74 हजार 970 रुपये की सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में हस्तांतरित की।
सम्मेलन में डॉ. रमन सिंह ने श्रम विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और इन योजनाओं से लाभान्वित श्रमिकों एवं हितग्राहियों से संवाद किया। इसी दौरान उन्होंने दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना से लाभान्वित एक महिला हितग्राही से बातचीत की और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उसके ई-रिक्शा में सवारी करने की इच्छा जताई।
कार्यक्रम के समापन पर डॉ. रमन सिंह ई-रिक्शा में सवार होकर पार्टी की बैठक के लिए रवाना हुए। उनका यह कदम कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
सम्मेलन को छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष राम प्रताप सिंह तथा छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने भी संबोधित किया। उन्होंने श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक इनका लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।