छुई खदान से 80 कांवड़ियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए ... - CG Sandesh

छुई खदान से 80 कांवड़ियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए रवाना

राजनांदगांव : छुई खदान में रविवार को आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब छुई खदान बोल बम समिति के 80 सदस्यीय कांवड़ियों का जत्था बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर (झारखंड) के लिए रवाना हुआ। रियासतकालीन प्राचीन काली मंदिर से निकली यात्रा का नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया और श्रद्धालुओं की मंगल यात्रा की कामना की।

नगर भ्रमण के दौरान "हर-हर महादेव" और "बोल बम" के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। जय स्तंभ पहुंचने पर शिवभक्तों के उत्साह और आस्था ने पूरे नगर को शिवमय बना दिया।

10 श्रद्धालुओं से शुरू हुआ था सफर, आज 80 कांवड़ियों का कारवां

छुई खदान बोल बम समिति ने इस वर्ष अपनी स्थापना के 19वें वर्ष में प्रवेश किया है। समिति की शुरुआत महज 10 शिवभक्तों के साथ हुई थी, जो आज बढ़कर 80 श्रद्धालुओं के विशाल परिवार में बदल चुकी है। यह यात्रा अब क्षेत्र की आस्था, सेवा, अनुशासन और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गई है।

समिति के अध्यक्ष संजय महोबिया ने बताया कि पिछले 19 वर्षों से लगातार बाबा धाम यात्रा का सफल आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि सेवा, भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक समरसता का महापर्व बन चुकी है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिवभक्तों, सहयोगियों और नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

वहीं भाजपा महामंत्री नवनीत जैन ने कहा कि समिति के सदस्यों की निष्ठा और वर्षों की मेहनत ने इसे एक मजबूत और प्रेरणादायी संगठन बनाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह यात्रा पूरे जिले की पहचान बनेगी।

समाजसेवी शरद श्रीवास्तव ने भी सभी शिवभक्तों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित और सफल यात्रा की मंगलकामना की।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें