29 लाख की सीसी सड़क पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, CMO के निर्देश... - CG Sandesh

29 लाख की सीसी सड़क पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, CMO के निर्देश पर रुका निर्माण कार्य

खैरागढ : नगर पालिका खैरागढ़ के इतवारी बाजार स्थित रावण भांठा में करीब 29 लाख रुपये की लागत से बन रही सीसी सड़क के निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं ने निर्माण स्थल का निरीक्षण किया और गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए।

निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मौके पर न तो नगर पालिका का कोई अधिकारी मौजूद था और न ही ठेकेदार। वहां केवल ठेकेदार का एक रिश्तेदार मिला, जो निर्माण कार्य से जुड़े सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।

डॉ. अरुण भारद्वाज ने मौके से ही मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) पुनीत राम वर्मा से फोन पर बात कर कथित अनियमितताओं की जानकारी दी और निर्माण में सुधार नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। इसके बाद सीएमओ ने अधिकारियों के निरीक्षण तक निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश जारी कर दिए।

विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन ने कहा कि यह क्षेत्र हर साल बाढ़ से प्रभावित रहता है, इसलिए सड़क का गुणवत्तापूर्ण निर्माण बेहद जरूरी है। वहीं नेता प्रतिपक्ष दीपक देवांगन ने पूरे मामले की तकनीकी जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

निरीक्षण के दौरान शेखर दास वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से पहले तकनीकी जांच और अधिकारियों की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें