सरहद पर पहुंचेगा बहनों का स्नेह, राखी के साथ भेजी जाएगी तुलसी की पवित्र मिट्टी
राजनांदगांव : रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक बहनों का स्नेह पहुंचाने के उद्देश्य से 'रक्षा सूत्र अभियान' के तहत रविवार को भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न महिला संगठनों की महिलाओं ने पूर्व सैनिकों को रक्षा सूत्र बांधा और सीमा पर तैनात जवानों के लिए राखियों से भरे लिफाफे सौंपे।
अभियान के तहत इस बार राखी के साथ तुलसी के गमले की मिट्टी भी भेजी जा रही है, जिसे देश की माटी के सम्मान और मातृभूमि से जुड़ाव का प्रतीक बताया गया। सैनिक इस मिट्टी से तिलक कर बहनों के स्नेह और आशीर्वाद का अनुभव करेंगे।
भूतपूर्व सैनिक कल्याण संगठन के अध्यक्ष एवं पूर्व सूबेदार मेजर राजेश शर्मा ने बताया कि पिछले चार वर्षों से सर्व समाज की बहनों द्वारा सीमा पर तैनात सैनिकों के लिए राखियां भेजी जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 6 अगस्त को विशेष टीम इन राखियों को लेकर सेना भवन पहुंचेगी, जहां से इन्हें सीमा पर तैनात जवानों तक पहुंचाया जाएगा।
कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और महिला संगठनों की महिलाओं ने भी भाग लिया। तौलिक राठौर महिला संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा साहू ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों से सैनिक भाइयों के लिए राखियां एकत्र की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष 9 लाख 70 हजार राखियां भेजी गई थीं, जबकि इस वर्ष 10 लाख राखियां भेजने का लक्ष्य रखा गया है।
इस वर्ष अभियान की खास बात यह है कि बहनों ने राखी के साथ अपने आंगन की तुलसी की मिट्टी और सैनिक भाइयों के नाम स्नेह व प्रेरणा से भरे पत्र भी भेजे हैं। राखियां एकत्र करने का अभियान 6 अगस्त तक जारी रहेगा, जिसके बाद इन्हें देश की सीमाओं पर तैनात जवानों तक पहुंचाया जाएगा।