संसदीय समिति ने फेसबुक से PM मोदी का वीडियो हटाने पर मेटा को घेरा, जुकरबर्ग से मांगी माफी
नई दिल्ली : संचार और सूचना प्रौद्योगिकी संबंधी संसदीय स्थायी समिति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फेसबुक वीडियो कुछ समय के लिए हटाए जाने के मामले में मेटा इंडिया की कड़ी आलोचना की है। समिति ने इस मुद्दे पर मेटा के अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
समिति के अध्यक्ष और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि मेटा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) मार्क जुकरबर्ग को इस मामले में सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी जाती है, तो मेटा को सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 79 के तहत मिलने वाले 'सेफ हार्बर' संरक्षण पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
निशिकांत दुबे ने मेटा के साथ-साथ यूट्यूब और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी कंटेंट मॉडरेशन और एल्गोरिदम से जुड़े मुद्दों का प्रभावी समाधान नहीं करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत के सख्त कानूनी ढांचे के बावजूद इन प्लेटफॉर्मों पर बाल यौन शोषण और महिलाओं से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है।