रक्षाबंधन पर वीर जवानों के लिए बच्चों का स्नेह, अमलीपारा स्क... - CG Sandesh

रक्षाबंधन पर वीर जवानों के लिए बच्चों का स्नेह, अमलीपारा स्कूल से भेजी जाएंगी हस्तनिर्मित राखियां

खैरागढ़ : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर छत्तीसगढ़ सरकार के 'ऑपरेशन सिपाही रक्षा-सूत्र अभियान-2026' के तहत प्रदेशभर के शासकीय स्कूलों के बच्चे देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों के लिए अपने हाथों से राखियां और शुभकामना संदेश तैयार कर रहे हैं। इसी कड़ी में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के शासकीय हाई स्कूल अमलीपारा के विद्यार्थियों ने भी वीर जवानों के लिए आकर्षक हस्तनिर्मित राखियां बनाई हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार तैयार की गई राखियां आंगनबाड़ी केंद्रों और परियोजना कार्यालयों में जमा कराई जा रही हैं। इसके बाद इन्हें नई दिल्ली स्थित सेना मुख्यालय भेजा जाएगा, जहां से देश की सीमाओं पर तैनात जवानों तक पहुंचाया जाएगा।

विद्यालय के प्राचार्य सुनील गुनी ने बताया कि विद्यार्थियों ने स्वयं सामग्री एकत्र कर पूरे उत्साह और स्नेह के साथ राखियां तैयार की हैं। साथ ही उन्होंने सैनिकों के नाम भावनात्मक शुभकामना संदेश भी लिखे हैं। इन राखियों को परियोजना कार्यालय में जमा कराया जाएगा।

प्राचार्य ने कहा कि देश के जवान हर मौसम और हर परिस्थिति में सीमाओं की रक्षा करते हैं। उन्हीं के सम्मान और सुरक्षित जीवन की कामना के साथ बच्चों ने यह रक्षा-सूत्र तैयार किया है।

विद्यालय का मानना है कि इस अभियान से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति, देशसेवा की भावना और सैनिकों के प्रति सम्मान का भाव और अधिक मजबूत होगा। रक्षाबंधन के अवसर पर बच्चों की यह अनूठी पहल देश के वीर जवानों के प्रति उनके स्नेह और सम्मान का प्रतीक बन रही है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें