162 लीटर गोवा व्हिस्की जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; मध्यप्रदेश स... - CG Sandesh

162 लीटर गोवा व्हिस्की जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार; मध्यप्रदेश से लाई गई थी अवैध शराब

सरगुजा संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने मध्यप्रदेश से लाई गई अवैध विदेशी शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 162 लीटर गोवा व्हिस्की जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।

संभागीय आबकारी उड़नदस्ता के सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उदयपुर थाना क्षेत्र के भदवाही निवासी गौरव जायसवाल ने भारी मात्रा में मध्यप्रदेश निर्मित विदेशी शराब नुनेरा गांव निवासी ब्रिजलाल पैकरा के घर में छिपाकर रखी है।

सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान ब्रिजलाल पैकरा के घर से 18 पेटियों में रखी 900 पाव (करीब 162 लीटर) मध्यप्रदेश निर्मित गोवा व्हिस्की बरामद की गई।

इसके बाद आबकारी टीम ने गौरव जायसवाल से पूछताछ की। जांच के दौरान उसने बरामद शराब अपनी होना स्वीकार कर लिया। इसके बाद टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की।

आबकारी विभाग का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।



author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें