प्रधानपाठ बैराज की मरम्मत की मांग तेज, कांग्रेस ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी
खैरागढ़ : मुढ़ीपार अंचल में सिंचाई संकट को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर प्रधानपाठ बैराज की तत्काल मरम्मत और जल संग्रहण व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि करीब 53 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्रधानपाठ बैराज का एक गेट सितंबर 2017 से क्षतिग्रस्त है। वर्ष 2018 से 2023-24 तक अस्थायी स्टॉपर लगाकर जल संग्रहण किया जाता रहा, जिससे मुढ़ीपार क्षेत्र सहित 15 से 20 गांवों के जलाशयों, बांधों और तालाबों तक पानी पहुंचाया जाता था।
कांग्रेस का आरोप है कि इस वर्ष सिंचाई विभाग ने पर्याप्त संख्या में स्टॉपर नहीं लगाए, जिसके कारण नहर में पानी का प्रवाह काफी कम हो गया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष कोमल साहू ने कहा कि बैराज के फीडर में वर्तमान में केवल करीब एक मीटर पानी है, जो इसकी कुल क्षमता का पांच प्रतिशत भी नहीं है। इसके चलते क्षेत्र के अधिकांश बांध खाली हैं और किसानों के सामने सिंचाई का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।
कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बैराज की मरम्मत और जल संग्रहण व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो किसान और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जितेंद्र सिंह गौर, शिवानंद यादव, रिंकू गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, जीतू कुमार, मनोहर सेन, गिरीश सारथी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
हालांकि, इस मामले में सिंचाई विभाग या जिला प्रशासन की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।