कोरबा: नगर निगम कमिश्नर से बदसलूकी के विरोध में पार्षद एकजुट, व्यापारी पर कार्रवाई की मांग
कोरबा : नगर निगम कोरबा के कमिश्नर के साथ कथित बदसलूकी के मामले में भाजपा और कांग्रेस के पार्षद एकजुट हो गए हैं। नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में पार्षदों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर संबंधित व्यापारी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।
पार्षदों का आरोप है कि पावर हाउस रोड स्थित राहुल बैग स्टोर के संचालक ने नगर निगम कमिश्नर आशुतोष पांडे और अन्य अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। उनका कहना है कि अधिकारी अपने नियमित कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे, लेकिन उन्हें रोककर बदसलूकी की गई और मंत्री तथा महापौर का नाम लेकर कथित रूप से धमकी भी दी गई, जिसे पार्षदों ने बेहद आपत्तिजनक बताया।
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर के नेतृत्व में अधिकारियों से मिले पार्षदों ने संबंधित व्यापारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ जिला बदर की कार्रवाई करने की भी मांग की है।
जानकारी के अनुसार, स्वच्छता व्यवस्था से जुड़े निरीक्षण के दौरान राहुल बैग स्टोर के संचालक और नगर निगम अधिकारियों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि व्यापारी ने कमिश्नर और अधिकारियों से बहस करते हुए निगम कार्यालय में लोगों को लेकर हंगामा करने की धमकी दी थी।
पार्षदों का कहना है कि नगर निगम के अधिकारी शहर में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं और ऐसे में उनके साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर विधिसम्मत कार्रवाई करने की मांग की है।
हालांकि, इस मामले में व्यापारी पक्ष की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।