कॉमनवेल्थ रजत पदक विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का पुलिस विभाग ने किया सम्मान, छात्राओं को दिया प्रेरणा का संदेश
राजनांदगांव : कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतकर देश, प्रदेश और राजनांदगांव का नाम रोशन करने वाली अंतरराष्ट्रीय वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव के सम्मान में जिला पुलिस विभाग द्वारा विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्कूली छात्राओं को आमंत्रित किया गया, ताकि वे ज्ञानेश्वरी के संघर्ष और सफलता से प्रेरणा ले सकें।
कॉमनवेल्थ गेम्स में शानदार प्रदर्शन के बाद पुलिस विभाग ने ज्ञानेश्वरी यादव को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देते हुए डीएसपी पद पर पदोन्नत किया है। सम्मान समारोह में डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा भी शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान ज्ञानेश्वरी यादव ने छात्राओं से अपने संघर्षपूर्ण सफर, कठिन मेहनत और सफलता के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
इस अवसर पर एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि यह पूरे पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है कि विभाग में पदस्थ ज्ञानेश्वरी यादव ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश, प्रदेश और जिले का मान बढ़ाया है। उन्होंने छात्राओं से ज्ञानेश्वरी के जीवन से प्रेरणा लेकर अपने सपनों को पूरा करने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, महिलाएं और छात्राएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम का उद्देश्य बेटियों को खेलों और अन्य क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना तथा उनकी उपलब्धियों का सम्मान करना था।