किरण सिंह देव के सड़क हादसे पर सियासत तेज, बड़े भाई ने जताई ... - CG Sandesh

किरण सिंह देव के सड़क हादसे पर सियासत तेज, बड़े भाई ने जताई साजिश की आशंका

जगदलपुर : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण सिंह देव के हालिया सड़क हादसे को लेकर अब राजनीतिक हलकों में नई चर्चा शुरू हो गई है। उनके बड़े भाई कुमार जयदेव ने दुर्घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे में काफिले के अन्य लोगों को कोई चोट नहीं आई, जबकि केवल किरण सिंह देव ही घायल हुए। ऐसे में इस घटना के पीछे किसी संभावित राजनीतिक षड्यंत्र की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

इधर, किरण सिंह देव के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना को लेकर जगदलपुर के जगन्नाथ मंदिर परिसर में पिछले तीन दिनों से चल रहे महामृत्युंजय मंत्र जाप और हवन अनुष्ठान का गुरुवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ। 11 पंडितों ने विधि-विधान से हवन संपन्न कराया। पूर्णाहुति कार्यक्रम में कुमार जयदेव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और श्रद्धालु शामिल हुए।

मीडिया से चर्चा के दौरान कुमार जयदेव ने कहा कि किरण सिंह देव लगातार बस्तर और प्रदेश की सेवा में सक्रिय हैं और उनके कार्यों से कुछ लोग असहज हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि ईश्वर की कृपा से बड़ा हादसा टल गया, लेकिन दुर्घटना की परिस्थितियां कई सवाल खड़े करती हैं।

उन्होंने कहा कि काफिले में कई लोग मौजूद थे, फिर भी चोट केवल किरण सिंह देव को ही लगी। इसी आधार पर उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की, ताकि घटना के सभी पहलुओं की सच्चाई सामने आ सके।

कुमार जयदेव ने कहा कि महामृत्युंजय हवन की पूर्णाहुति के साथ सभी अनिष्ट दूर हों और किरण सिंह देव जल्द पूर्णतः स्वस्थ होकर फिर से बस्तर और प्रदेश की सेवा में सक्रिय हों। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन में उमड़ी बड़ी संख्या इस बात का प्रमाण है कि बस्तर सहित पूरे प्रदेश की जनता का स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं उनके साथ हैं।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें