तखतपुर जनपद की सामान्य सभा में विकास कार्यों पर सवाल, बिना परमिट स्कूल बसों पर सख्ती के निर्देश
तखतपुर : तखतपुर जनपद पंचायत भवन में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार, लंबित योजनाओं और बिना परमिट संचालित स्कूल बसों का मुद्दा प्रमुखता से उठा। बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान जनपद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को रखते हुए बताया कि पिछले एक वर्ष से लाखों रुपये के विकास कार्य स्वीकृत होने के बावजूद सरपंच और सचिव की लापरवाही के कारण कई निर्माण कार्य शुरू ही नहीं हो सके हैं। सदस्यों ने ऐसे मामलों में जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
वहीं, एक जनप्रतिनिधि ने बिना परमिट, बीमा और फिटनेस के संचालित स्कूल बसों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि आरटीओ की कार्रवाई का खामियाजा बच्चों को भुगतना पड़ता है। उन्होंने सभी स्कूल बस संचालकों से परिवहन नियमों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।
बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष माधवी वस्त्रकार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सुशासन की सरकार में किसी भी प्रकार की लापरवाही और गुणवत्ताहीन कार्य स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि विकास कार्यों में अनियमितता या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी और ठेकेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विकास कार्यों में तेजी लाने और आम जनता से जुड़े मुद्दों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।