राजनांदगांव में 42 हजार हितग्राहियों की ई-केवाईसी अधूरी, राशन आबंटन रुका
राजनांदगांव : जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन लेने वाले करीब 42 हजार हितग्राहियों की ई-केवाईसी अब तक पूरी नहीं हुई है। ई-केवाईसी नहीं होने के कारण इन हितग्राहियों का राशन आबंटन फिलहाल रोक दिया गया है। खाद्यान्न के फर्जी आबंटन को रोकने के लिए सभी राशन कार्डधारी परिवारों के सदस्यों की ई-केवाईसी कराना अनिवार्य किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, राजनांदगांव जिले में करीब 2 लाख 68 हजार राशन कार्डधारी परिवार हैं, जिनमें लगभग 9 लाख 66 हजार सदस्य शामिल हैं। इनमें से करीब 2 लाख 26 हजार राशन कार्डधारी परिवारों की ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वहीं करीब 42 हजार सदस्यों की ई-केवाईसी लंबित है।
केवाईसी नहीं कराने वालों में एपीएल राशन कार्डधारियों की संख्या अधिक बताई जा रही है। विभाग के मुताबिक, करीब 34 हजार एपीएल कार्डधारी हितग्राहियों ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है।
जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की 498 राशन दुकानों के माध्यम से हर महीने करीब साढ़े 8 हजार मीट्रिक टन राशन का आबंटन किया जाता है। जिला खाद्य अधिकारी रविंद्र सोनी ने बताया कि जिन परिवारों की ई-केवाईसी नहीं हुई है, उनका राशन आबंटन रोका गया है। ई-केवाईसी पूरी होने के बाद राशन का आबंटन दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।