शादी के नाम पर ठगी का आरोप, दुल्हन के घर से जाने के बाद 50 ह... - CG Sandesh

शादी के नाम पर ठगी का आरोप, दुल्हन के घर से जाने के बाद 50 हजार की और मांग; एसपी से लगाई न्याय की गुहार

सरगुजा : लखनपुर थाना क्षेत्र में शादी के नाम पर कथित ठगी का मामला सामने आया है। मध्यप्रदेश निवासी रामकली बाई ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में कार्रवाई और न्याय की मांग की है।

शिकायत के मुताबिक, रामकली बाई के बेटे तुलसीदास लोधी का विवाह 23 मई 2026 को जमगला निवासी युवती से कराया गया था। विवाह कराने में जमगला निवासी दो मध्यस्थों की भूमिका होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि शादी के दौरान दूल्हे पक्ष से 1 लाख रुपये नकद और करीब 1 लाख रुपये के जेवर लिए गए।

शिकायत में बताया गया है कि शादी के बाद दुल्हन करीब तीन दिन तक ससुराल में रही। चौथे दिन रात में शौचालय जाने की बात कहकर वह घर से चली गई। परिजनों का आरोप है कि कुछ लोग उसे वहां से लेकर गए। इसके बाद जब ससुराल पक्ष उसे वापस लाने पहुंचा तो कथित तौर पर 50 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई।

पीड़ित पक्ष ने पूरे मामले को सुनियोजित ठगी बताते हुए आर्थिक और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। मामले में 6 अगस्त 2026 को लखनपुर थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने और रुपये व जेवर वापस दिलाने की मांग की गई। थाने में सुनवाई नहीं होने का आरोप लगाते हुए अब पुलिस अधीक्षक सरगुजा को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई है।

फिलहाल मामले में पुलिस की ओर से जांच और कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें