मैनपाट में पर्यटन के नाम पर वसूली का आरोप, मेहता पॉइंट पर बि... - CG Sandesh

मैनपाट में पर्यटन के नाम पर वसूली का आरोप, मेहता पॉइंट पर बिना रसीद शुल्क लेने से उठे सवाल

अंबिकापुर/मैनपाट : छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मैनपाट में मेहता पॉइंट की व्यवस्था को लेकर पर्यटकों में नाराजगी सामने आई है। आरोप है कि यहां प्रवेश शुल्क के नाम पर पर्यटकों से 20 से 150 रुपये तक की राशि ली जा रही है, लेकिन इसके बदले रसीद नहीं दी जा रही।

मामले में सबसे बड़ा सवाल शुल्क वसूली की प्रक्रिया को लेकर उठ रहा है। जानकारी के मुताबिक मेहता पॉइंट का पिछला टेंडर करीब छह महीने पहले समाप्त हो चुका है। ऐसे में बिना नई टेंडर प्रक्रिया के शुल्क लिए जाने के आरोपों ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

सुविधाओं के नाम पर भी उठे सवाल

पर्यटकों का आरोप है कि शुल्क लिए जाने के बावजूद मेहता पॉइंट पर पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। मौके पर झूले भी नजर नहीं आ रहे हैं, जबकि शेड से पानी टपकने की शिकायत सामने आई है। इससे पर्यटकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

एक ओर सरकार मैनपाट को प्रदेश के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी ओर मेहता पॉइंट की व्यवस्था को लेकर सामने आए आरोपों ने पर्यटन प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मंत्री ने दिए जांच के निर्देश

मामले को लेकर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही है। अब देखना होगा कि शुल्क वसूली के आरोपों की जांच में क्या सामने आता है और जिम्मेदार लोगों पर कोई कार्रवाई होती है या नहीं।

मैनपाट की प्राकृतिक खूबसूरती पर्यटकों को लगातार आकर्षित कर रही है, लेकिन मेहता पॉइंट की व्यवस्था और कथित शुल्क वसूली को लेकर उठे सवाल पर्यटन विभाग के लिए चिंता का विषय बन गए हैं।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें