10 घंटे गुल रही बिजली, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा; रात में विद्युत केंद्र पहुंचीं जिला पंचायत सभापति अरुणा सिंह
खैरागढ़ : बारिश के मौसम में बिजली कटौती ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। पांडादाह क्षेत्र के करीब 20 गांवों में 8 अगस्त को सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। करीब 10 घंटे तक बिजली गुल रहने से उमस भरी गर्मी में ग्रामीण बेहाल रहे, वहीं बिजली नहीं होने से खेती-किसानी के काम भी प्रभावित हुए।
रात करीब 9 बजे बिजली सप्लाई बहाल हुई, लेकिन इसके बाद कई इलाकों में लो-वोल्टेज की समस्या सामने आने लगी। परेशान ग्रामीणों ने अपनी समस्या जिला पंचायत सभापति अरुणा सिंह बनाफर को बताई। उन्होंने पांडादाह विद्युत वितरण केंद्र में फोन कर अधिकारियों को समस्या की जानकारी दी, लेकिन काफी देर तक स्थिति में सुधार नहीं हुआ।
रात में विद्युत वितरण केंद्र पहुंचीं अरुणा सिंह
समस्या का समाधान नहीं होने पर जिला पंचायत सभापति अरुणा सिंह बनाफर रात करीब 9:30 बजे खैरागढ़ स्थित विद्युत वितरण केंद्र पहुंचीं। यहां उन्होंने कनिष्ठ अभियंता और कर्मचारियों से बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई और समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। इसके बाद क्षेत्र में बिजली सप्लाई व्यवस्थित की गई।
रोज की समस्या होने का आरोप
अरुणा सिंह बनाफर ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में बिजली और लो-वोल्टेज की समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने कहा कि उनके घर में भी अक्सर वोल्टेज डाउन रहता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों के साथ विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा।
अब देखना होगा कि विद्युत विभाग ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या का स्थायी समाधान कब तक करता है।