जीवनसाथी ऐप पर शादी का झांसा, निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर 1.67 लाख की ठगी; आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़ : जीवनसाथी ऐप के जरिए महिला से पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा देने और निजी फोटो व जानकारी वायरल करने की धमकी देकर कथित तौर पर 1.67 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को केसीजी पुलिस ने कोरबा से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रोहित यादव (31 वर्ष), निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक महिला ने जून 2026 में जीवनसाथी ऐप पर अपनी आईडी बनाई थी। इसी दौरान उसकी पहचान आरोपी रोहित यादव से हुई। दोनों के बीच बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने शादी करने का भरोसा दिलाया और महिला की निजी जानकारी व फोटो हासिल कर लिए।
आरोप है कि बाद में आरोपी ने निजी फोटो और जानकारी वायरल करने की धमकी देकर महिला को डराया और 6 जुलाई 2026 को फोन-पे के जरिए कुल 1 लाख 67 हजार रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए।
मामले में महिला ने 8 अगस्त को थाना छुईखदान पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की और उसे कोरबा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया है। आरोपी को 10 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजे जाने की प्रक्रिया की जाएगी। कार्रवाई में थाना छुईखदान पुलिस और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।