अधिवक्ता पर FIR से भड़का वकीलों का आक्रोश, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन; बोले- केस रद्द नहीं हुआ तो आंदोलन
खैरागढ़ : वरिष्ठ अधिवक्ता अर्जुन वर्मा के खिलाफ दर्ज FIR को लेकर जिला अधिवक्ता संघ ने मोर्चा खोल दिया है। अध्यक्ष सुरेश ठाकुर और सचिव संदीप दास वैष्णव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर FIR रद्द करने की मांग की।
अधिवक्ता संघ के अनुसार, सीमांकन के दौरान कमलेश कोठले और कुछ अन्य लोगों ने अधिवक्ता अर्जुन वर्मा के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। संघ का कहना है कि अर्जुन वर्मा संबंधित प्रकरण में अधिवक्ता के तौर पर न्यायालय के आदेश पर राजस्व निरीक्षक और पटवारी के साथ मौके पर मौजूद थे।
संघ का आरोप है कि घटना के बाद अर्जुन वर्मा के खिलाफ ही जातिगत गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराकर FIR कर दी गई। वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील पांडे ने पुलिस पर पर्याप्त जांच किए बिना एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाया।
वहीं, जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने कहा कि अधिवक्ताओं को अपने साथी को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ अधिवक्ता परिषद को भी ज्ञापन दिया गया है।
अधिवक्ता संघ ने अर्जुन वर्मा के खिलाफ दर्ज FIR रद्द करने और कमलेश कोठले के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।