जुरलाकला में जैतखाम निर्माण को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने कलेक... - CG Sandesh

जुरलाकला में जैतखाम निर्माण को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने कलेक्टर से की शिकायत

खैरागढ़ : ग्राम पंचायत जुरलाकला में शासकीय भूमि पर मिनी माता की मूर्ति स्थापना और प्रस्तावित जैतखाम निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर निर्माण पर रोक लगाने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के मुताबिक खसरा नंबर 321/3 की शासकीय भूमि का उपयोग हाट-बाजार, खेल मैदान, मेला-मंडई, धार्मिक आयोजन, विवाह और अन्य सामूहिक कार्यक्रमों के लिए किया जाता है। आरोप है कि इसी भूमि पर मिनी माता की मूर्ति स्थापित करने के बाद अब जैतखाम निर्माण की तैयारी की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि क्रिकेट खेलने के दौरान गेंद मूर्ति पर लगने और 1 मार्च को फाग प्रतियोगिता के दौरान मूर्ति पर रंग लगने को लेकर पहले भी विवाद हो चुका है। ऐसे में खेल मैदान में दोबारा निर्माण को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।

पंच सुशीला साहू ने सरपंच और सचिव पर जैतखाम स्थल चयन के प्रस्ताव की जानकारी पंचों को नहीं देने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि विधायक के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान उन्हें जैतखाम निर्माण की जानकारी मिली।

ग्रामीणों ने वार्ड क्रमांक 7 और 8 में निर्माण का विरोध करते हुए अनुसूचित जाति बाहुल्य वार्ड क्रमांक 1 की शासकीय भूमि में जैतखाम निर्माण की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन करेंगे।


भ्रष्टाचार को बढ़ावा और मुख्यमंत्री के जीरो टोलरेंस निति को चुनौती देता जनसंपर्क विभाग, पीजीपोर्टल, जनशिकायत, सीएमहेल्पलाइन लाइनपर की गई शिकायत सब बेअसर


अन्य सम्बंधित खबरें