बारिश के बीच राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत निकली तिरंगा यात्रा, सैकड़ों लोग हुए शामिल
स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में 16 अगस्त को युवा सेवा संघ एवं श्री योग वेदांत सेवा समिति के तत्वावधान में तिरंगा यात्रा निकाली गई। बारिश के बीच निकली इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए और हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का संदेश दिया।
शहर के मोहारा स्थित आशाराम बापू आश्रम से तिरंगा यात्रा की शुरुआत हुई। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शिवाजी पार्क और गुरुद्वारा के पास पहुंचकर संपन्न हुई। बारिश के बावजूद यात्रा में शामिल लोगों का उत्साह नजर आया।
युवा सेवा संघ के प्रमुख संजय साहू ने बताया कि पिछले कई दशकों से युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करने के उद्देश्य से तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी देशभक्ति और भारतीय संस्कृति की रक्षा के संदेश के साथ यात्रा निकाली गई।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में युवाओं और समिति से जुड़े लोगों ने सहभागिता की। आयोजन के जरिए लोगों को राष्ट्रप्रेम और देश की संस्कृति के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।